Inner Reflection of Anant Sangha- रूह की सरज़मीं का स्वभाव आनंद है, बाक़ी सब आते-जाते मौसम हैं
Inner Reflection of Anant Sangha- रूह की सरज़मीं का स्वभाव आनंद है, बाक़ी सब आते-जाते मौसम हैं
🌼 रूह की सरज़मीं का स्वभाव आनंद है, बाक़ी सब आते-जाते मौसम हैं।
🌼 *कहानी कहती है* — हरे-भरे घास के मैदान में, साँझ की सुनहरी धूप तले, दो गाएँ बड़े आनंद से बैठकर घास चर रही थीं। उसी राह से दो मनुष्य गुज़रे। एक ने गायों को देखा और कहा — “न जाने पिछले जन्म में कितने पाप किए होंगे, जो इन्हें गाय का जन्म मिला। बेचारी! दिनभर घास ही चरती रहती हैं। पशु योनि… कितनी निम्न योनि है।” बड़े कमाल की बात, उधर गाय भी यही सोच रही थी। “बहन, मुझे तो लगता है पाप हमने नहीं, इन्होंने किए होंगे। तभी तो मनुष्य योनि मिली है। हमें देखो, कितनी शांति और सहजता से बैठे हैं। न कोई चिंता, न कोई भागदौड़। और इन्हें देखो—दो पल भी चैन से नहीं बैठ सकते। कभी इधर दौड़ते हैं, कभी उधर। मन हमेशा किसी नई चाह, किसी नए लक्ष्य या किसी नई चिंता में उलझा रहता है।
🌼 *Man has the strange capability to turn every blessing into a burden.*
🌼 जब अस्तित्व हमें इस धरती पर भेजता है, तब हम अपने साथ एक पुलक, एक किलकारी लेकर आते हैं। एक शिशु की चमकती आँखें में विस्मय के दीप जलते हैं। वह जीवन को जानता नहीं, जीवन को जीता है। एक पत्ता हिलता है और वह ठिठक जाता है, एक पक्षी उड़ता है और वह मंत्रमुग्ध हो जाता है, उसकी आँखें उस उड़ान का पीछा करती रहती हैं। बारिश की पहली बूँद उसकी हथेली पर गिरती है, वह अपनी छोटी-सी हथेलियाँ फैलाकर उस बरसती हुई कृपा को पकड़ना चाहता है। एक तितली उसके पास से गुज़रती है, और उसका हृदय उसके रंगों के साथ उड़ने लगता है। उसके लिए संसार कोई वस्तु नहीं, एक जीवित चमत्कार है। वह अभी जानता नहीं, वह अभी केवल विस्मित होता है। जहाँ विस्मय जीवित है, वहाँ आनंद किसी नदी की तरह बहता है, हर क्षण एक अनकहा उत्सव बन जाता है। पर जैसे-जैसे वह बड़ा होता है, दुनिया धीरे-धीरे उसकी हथेलियों से विस्मय के फूल छीनने लगती है। उसे समझाया जाता है आनंद, एक दूर खड़ी मंज़िल है। पहले पढ़ाई पूरी कर लो, फिर प्रसन्नता तुम्हारे द्वार आएगी। फिर नौकरी मिल जाए, तो आनंद बरस पड़ेगा। फिर धन जुटा लो…प्रतिष्ठा कमा लो…घर बना लो… गाड़ियाँ खरीद लो…फिर विवाह, फिर बच्चे, फिर कुछ और… और इस *फिर का सिलसिला कभी समाप्त नहीं होता। एक शिखर पर पहुँचते ही क्षितिज थोड़ा और दूर खिसक जाता है। * और इस तरह जिस मन को संसार की दौड़ से थक जाना था, *उसे आध्यात्म की एक और सूक्ष्म दौड़ में डाल दिया जाता है। जागरण की दौड़, कुंडलिनी की सीढ़ियाँ चढ़ने की दौड़, “एन्लाइटनमेंट” तक पहुँचने की दौड़। बस नक्शा बदल जाता है, यात्रा वही रहती है।
* शायद इसी अनुभव से गुज़रकर शायर कह उठा होगा— 🌼 *हज़ारों ख़्वाहिशें ऐसी, कि हर ख़्वाहिश पे दम निकले* *बहुत निकले मेरे अरमान, लेकिन फिर भी कम निकले*
🌼 *और इसी दौड़ में अक्सर वह भूल जाता है कि हर पड़ाव अपने आप में पूर्ण था।* जिस दिन वह विद्यालय में था, वही दिन पूर्ण था। जिस दिन वह पहली बार प्रेम में पड़ा, वह दिन पूर्ण था। आनंद सुबह के पहले सूरज को देखने में छिपा है, जब आकाश अभी नींद से पूरा जागा भी नहीं होता, और रोशनी धीरे-धीरे अपनी उँगलियाँ फैलाने लगती है। वह चाय की प्याली में भी मुस्कुरा रहा है, उस भाप में जो हल्की-सी उठती है… वह तब भी था जब जीवन संघर्षों के पत्थरों से भरा था। *अस्तित्व कहीं पहुँचने की प्रतीक्षा नहीं करता, वह तो हर क्षण पूर्णता में खिल रहा है। केवल मन ही है जो आनंद को आज से उठाकर कल की किसी काल्पनिक मंज़िल पर रख देता है।* *जीवन द्वैत के तराज़ू पर खड़ा है, वह संतुलन नहीं माँगता, वह संतुलन में ही घटता है।* अब हम इस प्रश्न को एक नए ढंग से समझने का प्रयास करेंगे— कि जो हमारा स्वभाव है, उससे हम दूर क्यों हो जाते हैं। *जीवन अपने मूल में द्वैत पर खड़ा है— सुख और दुख, अंधकार और प्रकाश, संयोग और वियोग।* यह जीवन का संतुलन है। यही संतुलन उसे गति देता है, यही संतुलन उसे गहराई देता है। क्योंकि जीवन का नृत्य विपरीतताओं की पृष्ठभूमि पर ही घटता है। *अगर पतझड़ न हो, तो बसंत का सौंदर्य कैसे पहचाना जाएगा? अगर गर्मी की तपन न हो, तो सावन की बूँदों में वह शीतलता कहाँ महसूस होगी? अगर रात का अंधकार न हो, तो सुबह की रोशनी इतनी जीवंत कैसे लगेगी? और अगर पीड़ा न हो, तो शांति की गहराई कैसे जानी जाएगी?* हर अनुभव अपने विपरीत के कारण ही अर्थ पाता है। आध्यात्म कहता है— जब तुलना गिर जाती है, जब मन “यह अच्छा है, यह बुरा है” के तराज़ू छोड़ देता है, तब अनुभव अपने शुद्ध स्वरूप में रह जाता है। *Instant pleasure, long emptiness – “तात्कालिक सुख, लंबी रिक्तता।”* *अब हम इस आनंद को न्यूरोसाइंस – विज्ञान की दृष्टि, के संदर्भ में समझेंगे*… प्रसन्नता के बायोकेमिकल्स आखिर हैं क्या… मनुष्य क्यों बोरियत को इतनी जल्दी पकड़ लेता है, जैसे वह उसकी सबसे पुरानी पहचान हो। मनुष्य क्यों आज भी सबसे ज्यादा दुखी और बोर दिखाई देता है, जबकि *उसके हाथों में अलादीन के चिराग जैसा मोबाइल है… चिराग को घिसने में तो वक्त लगता था …. पर अब… बस एक क्लिक।* एक उंगली का स्पर्श, और मनोरंजन की पूरी दुनिया सामने बिखर जाती है—गाने, चेहरे, कहानियाँ, आवाज़ें, अनगिनत दृश्य…फिर भी मनुष्य बोर क्यों हो जाता है? *प्रसन्नता के पीछे कुछ मुख्य न्यूरोकेमिकल खिलाड़ी होते हैं—डोपामिन, सेरोटोनिन, एंडॉर्फिन और ऑक्सिटोसिन। लेकिन सबसे गलत समझा जाने वाला तत्व है डोपामिन।* डोपामिन, जिससे आज का मनुष्य भर गया है, वह वास्तव में “आनंद” नहीं है… वह तो केवल इच्छा की आग है। यह वह रसायन है जो कहता है—“अब चाहिए… अभी चाहिए…”जब आप junk food देखते हैं, तो मस्तिष्क में एक हल्की सी चमक उठती है—डोपामिन की लहर। मन कहता है—“चलो ले लो…” लेकिन जैसे ही वह मिल जाता है, वह लहर शांत हो जाती है। Dopamine drop हो जाता है और दूसरे chemicals—endorphins, serotonin—release होते हैं, जो temporary satisfaction देते हैं। प्रकृति में यह प्रक्रिया धीमी है, गहरी है। भूख लगती है, मेहनत होती है, इंतज़ार होता है… और फिर भोजन। और उसी साधारण भोजन में भी एक अद्भुत स्वाद होता है, क्योंकि वहाँ प्रतीक्षा का रस जुड़ा होता है। लेकिन आज मनुष्य एक ऐसे युग में है जहाँ प्रतीक्षा लगभग समाप्त हो गई है। 🌼वह dopamine के Casino में जी रहा है— 🌼एक notification = एक झटका 🌼एक reel = एक झटका 🌼एक like = एक झटका 🌼एक order = एक झटका *बिना श्रम के पुरस्कार, बिना यात्रा के मंज़िल। और यहीं खेल उल्टा हो जाता है। मस्तिष्क इस तेज़ी के लिए, Instant Hit के लिए.. बना ही नहीं था। वह तो धीरे-धीरे मिलने वाले reward का अभ्यासी था—जहाँ प्रयास और फल के बीच एक पवित्र दूरी होती थी।* जब बार-बार “cheap dopamine” मिलती रहती है, तो मस्तिष्क धीरे-धीरे सुन्न होने लगता है। उसकी संवेदनशीलता कम हो जाती है। फिर वह चीजें जो कभी गहराई से खुशी देती थीं— सूरज की रोशनी, एक शांत सैर, किताब के पन्ने, साधारण भोजन— अब लगभग “नहीं के बराबर” महसूस होती हैं। मन धीरे-धीरे उस बिंदु पर आ जाता है जहाँ वह “कम” में जी ही नहीं पाता। शांति उसे ऊब लगने लगती है, स्थिरता उसे खालीपन जैसी लगती है, और धीमापन उसे असहनीय। क्योंकि भीतर का सिस्टम अब तेज़ स्पाइक्स का आदी हो चुका होता है। और तब एक अजीब विरोधाभास जन्म लेता है— जिस मनुष्य के पास सबसे अधिक विकल्प हैं, उसके पास सबसे कम अनुभव बचता है। *प्रकृति ने सुख और दुख का संतुलन बनाया था। पुरुषार्थ के कष्ट के बाद मिलने वाला सुख ही असली स्वाद देता है* … यह भीतर की दो शक्तियों के बीच संघर्ष है— 🌼एक तरफ तात्कालिक आनंद की खींच 🌼दूसरी तरफ गहरे अर्थ की दिशा जब मन लगातार तेज़ stimuli में जीता है, तो वह “महसूस” करने से ज्यादा “consume” करने लगता है। फिर स्थिति यह हो जाती है— वह देखता है, पर रुककर भीतर नहीं उतरता… वह पाता है, पर ठहरकर ग्रहण नहीं करता। और सबसे सूक्ष्म चीज़ टूटने लगती है— कृतज्ञता (gratitude)। क्योंकि gratitude तभी जन्म लेती है जब समय रुकता है, जब मन कहता है—“यह पर्याप्त है… मैं इसे देख सकता हूँ… मैं इसे महसूस कर सकता हूँ।” लेकिन जब जीवन लगातार भाग रहा हो, तो “ठहरना” लगभग भूल ही जाता है। फिर भीतर एक अजीब-सा खालीपन पैदा होता है। पहले वह खालीपन हल्की-सी बेचैनी बनता है, *फिर धीरे-धीरे शिकायतों में बदलता है— “कुछ ठीक नहीं है…” “कुछ कमी है…”* और जब यह कमी बाहर की किसी चीज़ से पूरी नहीं होती, तो मनुष्य और तेज़ भागने लगता है। पर paradox यही है— जितना वह भागता है, उतना ही वह अपने ही अनुभव से दूर होता जाता है। और धीरे-धीरे वह अवस्था आ सकती है जहाँ आनंद उपलब्ध तो होता है, लेकिन जीया हुआ नहीं लगता। यहीं से अवसाद (depression) का एक सूक्ष्म रूप जन्म ले सकता है— जहाँ व्यक्ति के पास सब कुछ होते हुए भी भीतर “अर्थ” नहीं बचता। लेकिन यह अंत नहीं है। लेकिन जब वही मन— 🌼किसी बुद्ध के सान्निध्य में बैठता है 🌼प्रकृति को बिना जल्दबाज़ी देखता है 🌼ध्यान में थोड़ा रुकता है 🌼या एक सुसंगठित, सरल जीवन में आता है तो अचानक उसके अंदर एक अलग ही गति सक्रिय होने लगती है। मन की सदियों पुरानी conditioning टूटने लगती है। *तेज़ स्पाइक्स की जगह धीमी, स्थिर तरंगें आने लगती हैं। तेज़ चमकते, सतही सुखों से पीछे हटकर, धीमे-धीमे खुलते अनुभवों की ओर लौटना… अपनी सजगता और संवेदनशीलता को बढ़ाना, और हर क्षण को कृतज्ञ भाव में जीना…* यह केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन को भीतर से छू लेने की कला है— जहाँ मन जल्दी नहीं करता, पर हर चीज़ को गहराई से देखता है; जहाँ आँखें सिर्फ देखती नहीं, महसूस भी करती हैं; और जहाँ छोटा-सा अनुभव भी धीरे-धीरे एक आभार बन जाता है… जो भीतर फैलता जाता है, और हमारे पूर अस्तित्व को एक पंख-सा हल्का कर देता है। *ताकि भीतर का वह बच्चा, जो बहुत पहले कहीं खो गया था, फिर से आँखें खोल सके… और हर साधारण क्षण को पहली बार की तरह विस्मय, मौन और प्रेम से देख सके।* 🌼न कोई किस्सा, न कोई दास्ताँ चाहिए, दिल को बस एक भीगा सा आसमाँ चाहिए। 🌼हम उम्र भर किसी ख़ास लम्हे की तलाश में रहे, रूह को तो बस एक सादा सा जहाँ चाहिए। 🌼बारिश की बूंद, चाय की महक, सुबह की ख़ामोशी, रूह को सुकून का और क्या निशाँ चाहिए। 🌼जो ठहर सके पल भर इस गुज़रते वक़्त में, वो एक साधारण सा लम्हा पूरा का पूरा तमाम चाहिए। 🌼सूफियों ने यूँ ही नहीं छोड़ी दुनिया की दौड़, उन्हें उस नरम ख़ुमारी में, छिपा हुआ उसका पैग़ाम चाहिए। अनंत संघ