विस्मय व अनुग्रह

विस्मय व अनुग्रह-

जीवन में विस्मय और अहोभाव का कितना महत्व है यह अनंत श्री के दिव्य सानिध्य में प्रचुर मात्रा में सीखने को मिलता है।
धर्म के जगत में बहुत से महत्वपूर्ण बिंदु हैं जो साधक की आध्यात्मिक चेतना के उत्थान के लिए परम आवश्यक होते हैं।
अनंत श्री सदृश दुर्लभतम सदगुरु के साथ किसी साधना की आवश्यकता नहीं होती, बस खोजी की गहन अभिरुचि ही पर्याप्त होती है, शेष गुरुदेव की जाज्वल्यमान उपस्थिति ही सब कुछ अपने से कर लेती है।
बोध बहुत से तलों का हो सकता है जिसकी न तो कोई गुणा-गणित होती है और न ही कभी कोई ऐसी स्थिति आती है जब कहा जा सके कि हाँ अब सौ प्रतिशत बोध घट गया।
बोध मात्रात्मक न होकर गुणात्मक होता है, जीवन का गुणधर्म बदलता है।
वह नियति की एक प्रक्रिया है जो सतत चलती रहती है।
पर एक बात महत्वपूर्ण है कि बोध चाहे किसी भी स्तर का हो उसका किसी धार्मिक शास्त्र से कोई सरोकार नहीं होता, शास्त्र अच्छे होते हैं पर तब अधिक उपयोगी हो सकते हैं जब थोड़ी सी ही सही पर उस स्रोत की समझ जन्म चुकी हो अन्यथा तो वो अमूमन थोथा ज्ञान सिद्ध होते हैं।
जबकि बोध एक जीवित सदगुरु की उपस्थिति में बंटता हुआ प्रसाद होता है।

जिस प्रकार भौतिक प्रसाद के लिए मान्यता है कि इसका कोई मूल्य नहीं चुकाया जा सकता है वैसे ही सदगुरु सानिध्य का भी कोई मूल्य चुका पाना असंभव होता है।
यही कारण है कि बोध के प्रारंभ होते ही साधक से जो चीज़ सबसे पहले छूटती है वो मनोकल्पित व संस्कारगत मिली भगवान की अवधारणा व धार्मिक किताबें ही हैं।
शास्त्र जीवंत नहीं होते पर उनकी तुलना एक मानचित्र से की जा सकती है, जीवंतता के लक्ष्य तक पहुंचने तक का मानचित्र।
यह मानचित्र सीमित मन से नहीं पढ़े जा सकते क्योंकि सब कुछ कूट भाषा में लिखा होता है अतः सदगुरु द्वारा इन संकेतों का विसंकेतित किया जाना आवश्यक होता है जो कि अनंत श्री live sessions में करते ही हैं।

विस्मय, आश्चर्य, आवाक रह जाना मन की एक ऐसी अवस्था है जब वो उस मूल स्रोत की झलक पा जाता है जिसमें जगत जिसमें सारे कार्य-कारण के नियम जन्म पाते हैं और विलीन हो जाते हैं, वो झलक जो उसकी तर्क बुद्धि को विराम दे देती है।
यह एक बोध की अवस्था है।
क्रम-विकास में हमारा मन हर कार्य का कारण और हर कारण के कार्य को ढूंढने में दक्ष होता गया है।
बचपन में गणित में कमज़ोर बच्चों को इसीलिए इतनी खरी-खोटी सुननी पड़ती है क्योंकि वो इसी सामूहिक अवधारणा का शिकार हो जाते हैं जिसमें cause and effect को सूक्ष्मता से समझा जाना आवश्यक माना जाता है।
पर सदगुरु संगत में साधक के भीतरी तलों पर बहुत कुछ अव्याख्य घटित होता है जब उसकी दृष्टि बाहर से भीतर की ओर मुड़ जाती है।

आम जीवन में घटने वाली घटनाओं, जिनको वो पहले साधारण दृष्टि से देखता था, अब वो समझ नहीं पाता कि क्या, कब, कैसे और क्यों अमुक घटना घट रही है।
आम बोल-चाल में कुछ न समझ पाने को प्रायः नासमझी मान लिया जाता है परंतु यहाँ न समझ पाना उसकी बुद्धि के वर्धमान होने का द्योतक है।

सुकरात का वचन “मैं केवल एक ही बात जानता हूँ, और वह यह कि मैं कुछ नहीं जानता।” लगभग इसी बात को दोहराता हुआ सा है।

प्रायः कोई भी औचक घटी घटना हमें थोड़े समय के लिए विस्मय में डाल देती है पर उस थोड़ी देर में मन अपने पुराने ढर्रे के अनुसार उस विस्मय का कोई न कोई कारण खोज ही लेता है और उसके बाद उसका सारा आश्चर्य जाता रहता है।

कभी किसी पहाड़ की ऊँची बर्फीली चोटी देख मन विस्मय से भर सकता है कि कैसे यह ऊँचाई बनी होगी, कैसे यह घाटी अस्तित्व में आई होगी, कैसे इतनी ठंड में भी जीवन संभव हुआ होगा आदि पर तत्काल ही सारा geology, orology और टेक्टोनिक प्लेटों का ज्ञान आड़े आ कर सारे विस्मय को धूमिल कर सकता है।

ऐसे ही पूरा जीवन हम कार्य-कारण के भ्रमात्मक ज्ञान के साथ जीवन जीते रहते हैं।
न तो कारण खोजने में हमारी कोई भूमिका रहती है न कार्य के होने में कोई भूमिका होती है।
बस सीखे-सिखाए उधारी ज्ञान से पूरा जीवन बीत जाता है।

सदगुरु कहते हैं—साधना किसी कल्पित भगवान की खोज नहीं बल्कि *कारणों के कारण* की खोज है।

अनंत श्री जैसे विरले सदगुरु किसी कार्य-कारण में आबद्ध नहीं होते, उनका होना सीधे परम-कारण का होना होता है अतः उनकी न कोई अपनी योजना होती है न कोई सांसारिक उद्देश्य इसीलिए उनके हर सत्संग में उनका अदृश्य बोध धीमे-धीमे साधक को इस *कारणों के कारण अर्थात मूल कारण* की पहचान कराता जाता है।

*विस्मय-बोध,* बोध का वह फलक है जहाँ खोजी घट रही किसी भी घटना के कारण को तो भली-भाँति जानता है जो कि साधारण सा नियम है, जैसे दियासलाई है तो आग होगी, पर साथ ही वो कारण के कारण को भी जानता है जो सब कुछ का कारण है, मूल कारण है।

सब कुछ के मूल की समझ से प्रकट हुआ विस्मय निश्चित ही अपने साथ कारण का ज्ञान किसी भी आम मनुष्य से अधिक प्रखरता से लिए हुए होता पर चूंकि वह आदि कारण को भी जानता है इसलिए उसका आश्चर्य बोध सतत बना रहता है।

प्रायः हमें कोई विशिष्ट घटना चाहिए होती है जो हमको अपनी जानी पहचानी जगह व लोगों से दूर करे व किसी नएपन को सामने लाये।
जहाँ हम नए स्थान व नए लोगों को देख नया अनुभव करें।
wildlife safari, trekking, ऊँचे तीर्थों की यात्रा, पर्यटन आदि पर लोग इसीलिए इतना धन व्यय करते हैं क्योंकि जीवन ऊब और नीरसता से भरा हुआ अनुभव कराता है, कुछ ऐसा नहीं मिलता जो जीवन में रोमांच पैदा कर सके।
सम्भवतः दुनिया में मानव निर्मित सात आश्चर्यों की घोषणा उसमें छिपी विस्मय के बोध की गहन उत्कंठा का परिमाण हो सकती है, पर कैसे किसी दूसरे की बनाई इमारत हममें विस्मय बोध को जागृत कर सकती है?

क्या विस्मय वास्तव में उन इमारतों में है या उन्हें देखने वाली हमारी दृष्टि में? क्या एक बार देख लेने के बाद उनका विस्मय समाप्त हो जाता है, या विस्मय का कोई ऐसा स्रोत भी है जो कभी चुकता नहीं?

बोध सम्पन्न मनुष्य के लिए प्रश्न बिल्कुल उल्टा हो सकता है, उससे यह पूछा जा सकता है कि ऐसा क्या है जो उसे विस्मित नहीं करता?
ऐसा क्या है जो उसे रोमांचित नहीं करता?
ऐसा क्या है जो उसे अहोभाव से नहीं भरता?

मेरी दृष्टि में,
यह दैवीय “विस्मय” जब कार्य-कारण के जटिल नियम को अच्छी तरह जान रहे व्यक्ति को स्पर्श करता है तो व्यक्ति केवल आश्चर्य से ही नहीं भरता बल्कि आश्चर्य के हर स्पंदन के साथ कृतज्ञता का कम्पन भी नस-नस में अनुभव करता है।
हालाँकि कृतज्ञता का जो अनोखा सिद्धांत हमें सिखाया गया है वह बहुत स्वार्थपूर्ण और अज्ञान से भरा हुआ है।
जब हमें कुछ मिले जो हमारे जीवन में कुछ अर्थवत्ता लाए तो अनुग्रह का भाव आता है।

अनुग्रह वास्तव में क्या है?
अनुग्रह है अपने ना-कुछ होने का बोध, एक ऐसा ना-कुछ जिसे यह अनंत विस्तार से दिया गया है, बिना किसी योग्यता के बिना किसी प्रवेश परीक्षा के।
अनुग्रह हमारा स्व-भाव है पर दुनियावी नियमों से अलग यह कुछ पाने की लालसा के पूर्ण होने पर निर्भर नहीं होता।
कुछ न मिले तो भी यह भाव ऐसा ही बना रहता है।
इसलिए अनुग्रह का यह नया व पहला अनुभव — जब साधक सब कुछ जानते हुए भी जानता है कि वह कुछ नहीं जानता, सब कुछ होते हुए भी जानता है कि कुछ उसका नहीं है यदि उसके नेत्र सजल कर दे तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं है।
जहाँ एक तरफ विस्मय दृष्टि के बदलाव से उपजा बोध है वहीं अनुग्रह मन के निर्मल होने से प्रकटा भाव है।

साधक में सबसे पहले अपने गुरु को देख विस्मय व अहोभाव प्रकट होता है, वह उनके होने, खाने, चलने, बैठने आदि के प्रति गहन आश्चर्य से भरता है और अपने से प्रश्न करता है—
इनका होना कैसे संभव है? कैसे इनसे शांति, आनंद व प्रेम का अतिप्रवाह हो रहा है? कैसे प्रेम जैसा सर्वकालिक परम गूढ़ रहस्य उधर से इधर आ रहा है? कैसे यह बिना शब्दों के भी संवाद कर लेते हैं? कैसे कभी यह चार हाथ की देह में दिखते हैं और अगले ही पल पूरे ब्रह्मांड को अपने में समेटे आकाश की तरह हो जाते हैं? कैसे माया इनके चरणों में वंदना करती है? कैसे कभी सगुण और कभी गुणातीत हो जाते हैं? कैसे बिना एक शास्त्र पढ़े शास्त्रज्ञ हो जाते हैं? बिना किसी धन और साम्राज्य के भी शास्ता हो जाते हैं? कैसे कभी सातों रंगों से युक्त और कभी स्फटिक की भाँति पारदर्शी हो जाते हैं?…

ऐसे असंख्य प्रश्न हो सकते हैं जो उसका अंतर्मन उससे पूछ सकता है पर उसे किसी उत्तर की तलाश नहीं होती है।
ऐसे प्रश्न साधारण मानसिक ऊहापोह से निकले प्रश्न मात्र ही नहीं होते बल्कि घोर आश्चर्य से भरे हृदय से निकले उसके अहोभाव के उद्गार हो सकते हैं।

गुरु के ऊपर घटा यह भाव जाने कब धीमे से उसे अपने प्रति भी इन्हीं भावनाओं से भर देता है।
वह ज्ञानी है इसलिए जानता है गुरु उसका प्रक्षेपण हैं, एक छवि हैं, उसका ही विस्तार हैं, वो उनका ही संकुचन है फिर भी उनका होना उसके लिए जगत का सबसे बड़ा कौतुक है।
वह अपने और गुरु में कोई पृथकता नहीं देख पाता पर साथ ही उन्हें देख-देख कर भी न कभी विस्मय पर कोई पूर्णविराम लगता है न कृतज्ञता पर।

वह गुरु संग मौन में विचरण करता है सर्वथा असंपृक्त, पूरी कृतज्ञता व विस्मयपूर्ण भावदशा में।
कभी सुबह नींद से जाग कर वह अपने व दूसरों को देख इन्हीं आश्चर्य व कृतज्ञता के भावों से भर जाता है।
अपने साथ ही सभी के होने को एक गहन अहोभाव से देखता है।
परिवार उसके लिए बोझ नहीं अपितु प्रेम को प्रगाढ़ करने का उपाय बन जाता है।
वह पहली बार जीता है और औरों को भी जीने देता है।
जाने कब वह अपने व दूसरों के अतीत से मुक्त हो बिना किसी भविष्य की कल्पना के सहज अभी और यहीं जीने लगता है।

अंततः साधक में कृतज्ञता, नमनीयता व अहोभाव ही बचते हैं जो सूर्य की रश्मियों की भाँति उससे सब दिशाओं में प्रसारित होते रहते हैं, बिना किसी ध्येय के, बिना किसी उद्देश्य के, बिना किसी मंज़िल के।

।।गुरुदेव व बोधि माँ के चरणों में समर्पित।।

Leave a Reply