हमारा मूल व सहज स्वभाव :
प्रेम, प्रसन्नता, शांति और समस्वरता, ये चार आर्य सार अनंत श्री व बोधि तारा माँ के सानिध्य का प्रेमपूर्ण उपहार हैं।
अंनत श्री व बोधि तारा माँ के सानिध्य में
मेरे मन ने मुझसे पूछा, “प्रेम, प्रसन्नता, शांति और समस्वरता हमारा स्वभाव क्यों हैं?”
गुरु सानिध्य में मैंने मेरे मन से कहा, ज़रा अपने भीतर झाँककर देखो— जब कोई भय, क्रोध या अशांति होती है, तो क्या भीतर से हम उसी में बने रहना चाहते हैं, या सहज होकर उससे मुक्त होना चाहते हैं? हम प्रेम चाहते हैं, शांति चाहते हैं, प्रसन्नता चाहते हैं और अपने आसपास के जीवन के साथ तालमेल चाहते हैं। हमारी यह मूलभूत चाहत हमें अपने सहज स्वभाव की ओर संकेत करती है।
लेकिन इसकी गहराई केवल हमारी चाहत में नहीं, बल्कि उस मौन साक्षी में है, जो जीवन के द्वैत में तटस्थ है और हमारे भीतर भावों के आने-जाने को देखता है।
सुख आता है, दुख आता है; प्रेम का अनुभव होता है, भय भी उठता है; मन कभी शांत होता है, कभी अशांत। ये सभी भाव बदलते रहते हैं। जो आज है, वह कल वैसा नहीं रहता। लेकिन इन परिवर्तनों को जानने वाली सजगता में हम ठहरना सीख सकते हैं। मौन साक्षी न किसी भाव को पकड़ता है, न किसी भाव को धकेलता है; वह उन्हें पहचानने और समझने का अंनत आकाश व दूरी देता है।
एक छोटा-सा उदाहरण …..
आकाश में बादल आते हैं, कभी काले, कभी सफेद। कभी आकाश ढका हुआ लगता है, तो कभी बिल्कुल निर्मल दिखाई देता है। लेकिन बादलों के आने-जाने से आकाश का विस्तार समाप्त नहीं होता। बादल आकाश में हैं, पर आकाश केवल बादल नहीं है।
इसी तरह, भय, अशांति और अप्रसन्नता हमारे अनुभवों में उठते हैं, लेकिन हमारा संपूर्ण अस्तित्व केवल ये भाव नहीं हैं। जब हम किसी भाव से तादात्म्य कर लेते हैं—उसे ही अपना स्थायी सत्य मान लेते हैं—तो वह हमारी दृष्टि पर छा जाता है। हम क्षणिक परिस्थिति को पूरी ज़िंदगी समझ बैठते हैं।
इसके विपरीत, जब हम सजग होकर अपने अनुभवों को देखते हैं, तो भावों से लड़ने या उन्हें दबाने की आवश्यकता नहीं रहती। हम उन्हें समझते हैं, उनसे सीखते हैं और विवेकपूर्वक अपना कर्म करते हुए जीवन के बहाव में आगे बढ़ते हैं। दुख हो तो करुणा के साथ उसे स्थान देते हैं; भय हो तो उसे समझते हैं; अशांति हो तो उसके कारणों को देखते हैं। साक्षीभाव जीवन से विमुख होना नहीं, बल्कि जीवन के सर्वस्वीकार में सहजता व समग्रता से जीना है।
अनंत अस्तित्व की ही विराट व रहस्यमय लीला है वो ही अंतरसंबन्धित जीवन में सब तरफ से खेल खेलता है इसको गुरु-सानिध्य में जानकर पूरी तरह से स्वीकार करना और समर्पण में अस्तित्व को ही खेल खेलने देना और गुरु-सानिध्य में चार आर्य सारों में ठहरकर जीवन के बहाव में सर्वस्वीकार में सहज बहना सीख कर अस्तित्व की विराट व रहस्यमय लीला में लीलाधर के साथ लयबद्ध हो जाना है ।
जीवन अखंडित, अद्वैत, अनंत व रहस्यमय है जो कि द्वैत में होकर अपनी क्षणभंगुरता व अनिश्चितता में होकर सनातन बहता रहता है । प्रेम, प्रसन्नता, शांति व समस्वरता के भावों में जीवन सर्वस्वीकार व सहजता में रहता व बहता है जबकि इनके विपरीत भय, अशांति, अप्रसन्नता व असमस्वरता के भावों में जीवन अपनी सहज लयबद्धा से विमुख होकर असहज हो जाता है ।
आध्यात्मिक दृष्टि से अस्तित्व का सनातन रहस्य भी हमें यही संकेत देता है कि जो सत्य है, वह हमारी क्षणिक मान्यताओं पर निर्भर नहीं है। जो भाव क्षणभंगुर हैं, उन्हें स्थायी मान लेना भ्रम है। और जो कुछ अभी अनुभव में नहीं है, उसके अभाव को भी अंतिम सत्य मान लेना आवश्यक नहीं। जीवन हमारी धारणाओं से कहीं अधिक विराट, अनिश्चित और रहस्यमय है।
प्रेम, प्रसन्नता, शांति और समस्वरता को इसलिए केवल मन की अच्छी अवस्थाएँ समझकर पकड़ना नहीं है। इन्हें अपने जीवन में सजगता, करुणा, स्वीकार और विवेक के माध्यम से अभिव्यक्त होने देना है। शांति का अर्थ अशांति का कभी न आना नहीं; प्रेम का अर्थ हर व्यक्ति से सहमत होना नहीं; प्रसन्नता का अर्थ दुख से इनकार करना नहीं; और समस्वरता का अर्थ जीवन में कभी विरोध न होना नहीं।
प्रेम ही ताओ है,ताओ ही प्रेम है, प्रेम ही प्रवाह है, प्रवाह ही प्रेम है, प्रेम ही साक्षी निराकार है, प्रेम ही जीवन का केंद्रीय आधार है, प्रेम में ही सभी भावों का स्वीकार है, प्रेम ही सनातन श्रृजन का आधार है , प्रेम में ही सर्वस्वीकार है, प्रेम ही जीवन की जीवंतता है, प्रेम ही अस्तित्व का स्पंदन है, प्रेम ही अनंत अस्तित्व में अदृश्य,अद्वैत व रहस्यमय बंधन है ।
इनका वास्तविक अर्थ है—जीवन के हर रंग के प्रति सजग रहना, सत्य को स्वीकारना और परिस्थिति के अनुरूप प्रेमपूर्ण व विवेकपूर्ण कर्म होने देना।
यही तटस्थ मौन साक्षी की समझ है— अस्तित्वगत प्रवाह में है जीवन, विचार आते और जाते हैं, भाव आते हैं, भाव जाते हैं; जीवन बदलाव में रहता और बहता है, प्रवाह में परिस्थितियाँ भी बदलती रहती हैं,रहस्यमय व अंतरसंबन्धित जीवन अपने ही ढंग से सनातन बहता रहता है, हम जीवन के बहाव में अपनी बीइंग व वर्तमान में ठहरकर ,प्रवाह में बदलावों के मध्य, स्वंय को माध्यम जानकर पूरी सजगता से जीते हुए उनके साथ अपनी संपूर्ण पहचान बाँधने से मुक्त होना सीख सकते हैं जो कि गुरु-सानिध्य में सहज घटने लगता है।
सार
बादल आएँ, बादल जाएँ, आकाश रहे विस्तार।
भाव उठें और भाव मिटें, साक्षी रहे निराकार।
न सुख को बाँधें, दुख से भागें, जीवन को स्वीकारें।
प्रेम, प्रसन्नता, शांति, समस्वरता में, सहज जीवन को निहारें।