***बोधितारा महोत्सव***

***बोधितारा महोत्सव***
**जब अस्तित्व स्वयं उत्सव बन गया**
2 अक्टूबर, बोधि माँ के जन्मदिवस से लेकर 5 अक्टूबर, उनके परिनिर्वाण तक, अनंत में बोधितारा महोत्सव घटा।
चार दिन, लेकिन इन चार दिनों में ऐसा लगा जैसे समय अपनी सीमाएँ भूल गया हो। ऐसा लगा जैसे जीवन स्वयं अपने अनंत रूपों में हमारे सामने उत्सव बनकर उतर आया हो। जैसे अस्तित्व स्वयं celebrate कर रहा हो।
इस celebration में जीवन के सभी रंग थे—संगीत था, शब्द थे, नृत्य था, हँसी थी, शांति थी, प्रेम था, विरह था, स्मृति थी, आनंद था, आँसू थे, मुस्कान थी। हर रंग था, और कोई भी रंग दूसरे से अलग नहीं था। सब एक-दूसरे में घुलते चले गए।
इन दिनों को देखते हुए बार-बार कृष्ण की होरी का स्मरण हो आता है। वह अद्भुत होरी, जिसमें केवल रंग नहीं उड़ते, मानो पूरा अस्तित्व ही रंग बन जाता है। पाँच भूतों से बनी पिचकारी, चौदह भुवनों के रंग और पाँच विषयों का गुलाल—जैसे समस्त existence ही एक-दूसरे पर अपना रंग डाल रही हो।
और कृष्ण —
एक समय श्री कृष्ण प्रभु को,
होरी खेलन मन आई।
एक से होरी मचे नहीं कबहू,
याते करूँ बहुताई।
यही प्रभु ने ठहराई।
और कृष्ण अनेक होकर हर रूप में ढल गए।
बोधितारा महोत्सव में भी कुछ ऐसा ही घटता हुआ प्रतीत हुआ। बोधि माँ और अनंत श्री की उपस्थिति में इन चार दिनों में ऐसा लगा जैसे एक जीवन की सीमाएँ टूट गई हों। जैसे बोधि माँ जीवन के असंख्य रूपों में एक साथ जी उठी हों। जैसे किसी ने एक ही क्षण में अनेक जन्मों की स्मृतियाँ, अनेक यात्राएँ, अनेक प्रेम, अनेक विरह, अनेक मिलन, अनेक हँसियाँ और अनेक आँसू छू लिए हों।
जैसे समस्त जीवन एक साथ जी लिया गया हो।
और शायद यही उस celebration की सबसे अनोखी बात थी—जो भी उसमें सम्मिलित हुआ, वह अपने छोटे-से व्यक्तिगत जीवन से बाहर निकलकर समस्त जीवन के अनुभव में प्रवेश कर गया।
बोधि माँ के जाग्रत शब्द जब संगीत में ढल रहे थे, तो ऐसा लगा जैसे हर शब्द उनकी उपस्थिति हो और संगीत उनकी धड़कन।
और फिर नृत्य।
जो नृत्य कर रहे थे, वे जैसे स्वयं को भूलते चले गए। सब प्रेम के सागर में डूबे हुए थे। संगीत अपने पूरे उल्लास में था। गीत बह रहे थे। नृत्य अपने आप को भूल चुका था। चारों ओर प्रेम का एक ऐसा वातावरण था जिसमें हर व्यक्ति जैसे अपनी सीमाओं से थोड़ा बाहर आ गया था।
और उस जीवंत संगीत के बीच Anant Sri की उपस्थिति—जैसे अस्तित्व का नृत्यमय केंद्र।
ऐसा लगा जैसे अस्तित्व की उत्सवमयता ने स्वयं एक केंद्र पा लिया हो। सभी दिशाओं से प्रवाहित होती तरंगें केंद्र की ओर आती हुईं और केंद्र से फिर पूरे अस्तित्व में फैलती हुईं।
उस क्षण कोई दर्शक नहीं था, कोई नर्तक नहीं था।
सिर्फ उत्सव था।
ऐसा लगा जैसे जीवन स्वयं अपने आनंद में गति पा गया हो।
और शायद यही बोधितारा का रहस्य था।
हम सोचते हैं कि हम जीवन को celebrate करते हैं। पर कभी-कभी कोई ऐसा क्षण आता है जब अनुभव उलट जाता है—
हम जीवन को celebrate नहीं कर रहे होते,
जीवन स्वयं हमें celebrate कर रहा होता है।
2 अक्टूबर को जन्म का उत्सव और 5 अक्टूबर को विदाई का। और इन दोनों के बीच जो घटा, उसने जन्म और मृत्यु के बीच की दूरी को भी जैसे मिटा दिया।
अस्तित्व में दोनों उत्सवमय हैं।
जन्म और मृत्यु के बीच फैला हुआ पूरा जीवन—उसकी हँसी, उसका रोना, उसका प्रेम, उसकी पीड़ा, उसका सौंदर्य, उसकी तलाश, उसकी तृप्ति—सब एक साथ उपस्थित हो गए।
जैसे चार दिनों में समय ने अपने सारे पन्ने खोल दिए हों। जैसे एक ही celebration में समस्त जीवन के सारे shades एक साथ जी लिए गए हों।
शायद जीवन को पूरा जीने के लिए अनेक जीवनों की आवश्यकता नहीं होती।
कभी-कभी एक क्षण इतना विराट हो जाता है कि उसमें अनेक जन्मों का अनुभव समा जाता है।
बोधितारा उत्सव मनाने का इससे सुंदर तरीका और क्या हो सकता था?
उस space में प्रवेश करना जिसे उनकी presence ने खोला।
जहाँ जीवन को किसी एक रूप में बाँधना आवश्यक नहीं। जहाँ प्रेम केवल एक भावना नहीं, बल्कि अस्तित्व की भाषा है।
जहाँ संगीत प्रार्थना बन गया,
जहाँ नृत्य ध्यान बन गया,
जहाँ मौन उत्सव बन गया,
और जहाँ विदाई भी किसी गहरी पूर्णता का द्वार बन गई।
बोधि माँ एक रूप नहीं—
हर रूप में वही थीं।
हर गीत में।
हर स्वर में।
हर कदम में।
हर मुस्कान में।
हर आँसू में।
हर आलिंगन में।
हर उस हृदय में जो प्रेम में पिघल गया।
यह स्वयं जीवन का उत्सव था।
ऐसा उत्सव जिसमें एक क्षण के लिए लगा—
न कोई अलग जीवन है, न अलग अनुभव।
न कोई अलग मैं, न कोई अलग तुम।
बस समस्त जीवन है—
अपने अनगिनत रूपों, रंगों और अनुभवों के साथ।
और जैसे वह पूरा जीवन, एक साथ, जी लिया गया हो।
सभी के प्रति प्रेम और gratitude, जिन्होंने इसे संभव बनाने में अपना समय, श्रम, प्रेम और प्रतिभा अर्पित की, और उन सभी के प्रति जिन्होंने इसमें किसी न किसी रूप में भाग लिया।
सब मिलकर एक ही उत्सव बन गए।
अनंत श्री के चरणों में कृतज्ञता के साथ,
बोधि माँ को प्रेम से नमन।

अनंत संघ

Leave a Reply