परमात्मा के तीन गुणों की चर्चा…

परमात्मा के तीन गुणों की चर्चा लगभग हर धर्म-संप्रदाय में होती है—जो जन्म देता है, पालता है और संहार करता है।

पहली दो बातें; जन्म देना और पालना, बड़ी सरलता से समझ में आ जाती हैं, पर तीसरी थोड़ी जटिल पड़ती है।
दूसरी तरफ अनंत श्री द्वारा दिए गए चार आर्य सारों में चौथा—समस्वरता को समझना मेरे लिये शेष तीनों, शांति, प्रेम और प्रसन्नता की अपेक्षा कुछ कठिन प्रतीत होता है।

मेरी दृष्टि में अनंत श्री की समस्वरता और परमात्मा का तीसरा गुण—संहार, कहीं किसी तल पर अंतर्संबंधित हैं।

हम मानते हैं कि हम जन्म चुके हैं और पाले जा रहे हैं, हमारी देह है और उसे लगातार पोषण मिल रहा है, यह दिखाई देता है इसलिए यह तर्कसंगत भी लगता है।लेकिन इसका अंत होगा, यह मिट्टी में मिल जाएगी—यह सुनना और इसे भीतर से स्वीकार करना कठिन जान पड़ता है।

मृत्यु को हम सामान्यतः किसी नियत समय पर घटने वाली घटना मानते हैं, जो भविष्य में कभी घटेगी। इसलिए यदि अभी किसी युवा के निधन की सूचना अचानक मिल जाए तो मन चौंक कर क्षण भर के लिए रिक्त हो जाता है।

यह स्तब्ध करती हुई रिक्तता मृत्यु के संदेश से कम और मन की उस अवधारणा के टूटने से अधिक होती है जिसके लिए मृत्यु भविष्य की कोई घटना थी।
हमने उसे एक निश्चित समय के लिए आगे रख छोड़ा था, जबकि सभी ओर घटती मृत्यु की घटनाएं उसे अभी, इसी क्षण वर्तमान में घटित होना सिद्ध करते रहते हैं।
वह हमारी किसी गुणा-गणित में नहीं बैठ पाती।

भारतीय परंपरा में अस्तित्व को माँ के रूप में माना जाता है, जो जन्म, पालन और मृत्यु—तीनों को अनुशासित करती है।

लेकिन जीवनदायिनी माँ से मृत्यु की अपेक्षा कैसे की जा सकती है? वह अपने ही शिशु को कैसे मार सकती है?
पर होता तो यही दिखता है, निश्चित मृत्यु की अनिश्चित नंगी तलवार सभी पर लटकती रहती है।

लेकिन यहाँ मृत्यु को जिस अर्थ में हम जानते हैं, उसको उसी अर्थ में देखने की भूल होती रहती है।
जिस मृत्यु से हम परिचित हैं, वह मुख्यतः देह मात्र का अंत है। केवल उस दैहिक अंत को मृत्यु मान लेना मनुष्य की दृष्टि के समुचित विस्तार के अभाव के कारण होता है और अंततः भय को जन्म देता है।

वास्तव में जिन तीन घटनाओं—जन्म, पालन और मृत्यु को हम अलग-अलग देखते हैं, वे अभिव्यक्त हो रहे जीवन के तीन अपरिहार्य रूप से जुड़े हुए अंग हैं। उन्हें कभी एक-दूसरे से अलग नहीं किया जा सकता और यह एक सार्वभौमिक नियम है।

गीता सत्र के समय अनंत श्री ने पुनर्जन्म की अवधारणा को बहुत स्पष्टता से समझाया था—“मृत्यु प्रतिक्षण हो रही है जन्म भी प्रतिक्षण हो रहा है। जन्म व मृत्यु किसी भूत या किसी भविष्य में घटने वाली घटनाएं नहीं हैं।”

इस बात को यदि थोड़ा ध्यान से देखें तो मृत्यु हमारे सामने हर क्षण घटती हुई दिखाई देने लगती है और जन्म भी। आज सुबह जो व्यक्ति बिस्तर से उठा था वही व्यक्ति पिछली रात को सोने नहीं गया था न आज रात फिर सोने जायेगा।

जब एक माँ बच्चे को जन्म देती है, उस समय वह नवजात होता है—निरीह, माँ पर लगभग पूरी तरह निर्भर। माँ उसके पोषण की समुचित व्यवस्था करती है।
फिर कुछ माह बाद वह नवजात नहीं रह जाता।

कभी देखें— कहाँ गया उसका नवजात होना?

फिर वह चलना सीखता है, दौड़ने लगता है, अपने हाथ से खाना खाने लगता है और माँ की गोद में रहने की उसकी निर्भरता धीरे-धीरे कम होने लगती है।

अब देखें— कहाँ गई उसकी गोद में लिए रहने की वह अवस्था?

फिर वह किशोर हो जाता है।
कहाँ गई उसकी शैशव अवस्था?

वह बाइक से कॉलेज जाने लगता है।
कहाँ गई उसकी किशोरावस्था?

मृत्यु का जो अर्थ हम जानते हैं, वह यही है कि जो चला जाए और वापस न आ सके।
तो क्या हम भी अपना शैशव, बचपन, किशोरावस्था और युवावस्था पीछे नहीं छोड़ आए?
क्या एक अर्थ में वे अवस्थाएँ हमारे लिए मर नहीं गईं?

क्या हम समय में वापस जाकर किसी विधि से उन्हें फिर से लौटा सकते हैं?
और अभी जो हमारी अवस्था है, क्या दस वर्ष बाद भी यही रहेगी?
क्या 2036 के लिए 2026 का हमारा होना मर नहीं चुका होगा?

सम्भवतः यही मृत्यु का एक गहरा अर्थ है कि मृत्यु केवल कुछ समाप्ति की एक घटना मात्र नहीं है। मृत्यु परत दर परत घटने वाले परिवर्तन का नाम है।
एक परत उघड़ती है तो दूसरी आ जाती है और पुरानी परत कहीं खो हो जाती है।
नई परत के संदर्भ में देखें तो पुरानी परत की मृत्यु हो जाती है और पुरानी के परिप्रेक्ष्य में नई का जन्म हो जाता है।

और यह क्रम अनवरत रूप से चलता रहता है, प्रतिपल हम शून्य से आ रहे हैं और प्रतिपल किसी अनंत शून्य में विलीन हो रहे हैं।
इसलिए यह मानना कि हम जन्म चुके हैं, प्रत्यक्षज्ञानात्मक भूल है। हम कोई स्थिर घटना नहीं हैं इसलिए हमारा जन्म भी परत दर परत हो रहा है।
एक निरंतर बदलाव से हम जीवन की यात्रा कर रहे होते हैं।
हमसे जैसे ही कुछ अलग होता है अनिवार्य रूप से वहाँ कुछ नया जुड़ता जाता है।

जीवन के प्रकटीकरण में केवल शरीर ही नहीं आता, विचार भी आते हैं, भाव भी आते हैं, संवेदनाएँ आती हैं, ज्ञान आता है, अज्ञान आता है, बोध आता है, अनुभव व अनुभूतियां भी आते हैं पर काम समाप्त होने के बाद इन्हें नीयत समय पर खोना भी होता है।

लेकिन मनुष्य, मन के तल पर बहुत-सी चीजों को कसकर पकड़ लेता है। वह चाहता है कि जो है, वही बना रहे, जो मिला है वह न तो बदले न ही खोये।
यह क्षण घने लोभ का जनक बनता है और गहरे भय को पूरे जीवन का अनिवार्य अंग बना देता है।
एक कंपन पूरे जीवन की नींव को अस्थिर किए रहता है।

यह पकड़ इतनी खतरनाक होती है कि यदि वर्तमान में जीवन में कुछ नया आता है तो हम उसकी तुलना सालों पहले के किसी विचार, भाव या अनुभव से कर देते हैं और इस नए की गैरइरादतन निर्मम हत्या हो जाती है।
तुलना द्वारा इस नए का विरोध केवल पुराना न छूट जाए इस भय के कारण होता है।

परम्परा, प्रतिष्ठा और अनुशासन के नाम पर मृत्यु का सबसे हिंसक विरोध भी यही है।

हम देह में प्राथमिक रूप से मोहग्रस्त हैं। लेकिन देह, हमारी मोहग्रस्तता से पूरी तरह निरपेक्ष, प्रकृति के हाथ में है। इसलिए देह पर घटने वाले परिवर्तनों को हम एक सीमा से अधिक रोक नहीं सकते। धीरे-धीरे उसकी मृत्यु को स्वीकार करना हमारे लिए संभव होता जाता है।

लेकिन देह में आसक्त जीव अनिवार्यतः मन से भी मोहग्रस्त होता है।
करूणावान प्रकृति मन को भी लगातार बदलते रहने के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष संकेत देती रहती है, लेकिन जिद्दी और भयाक्रांत मनुष्य उन संकेतों की उपेक्षा करता रहता है।

जो बदलाव का क्षण उसके लिए स्वागत का अवसर हो सकता था, वही भय और भ्रम के कारण उसके लिए रुदन का कारण बन जाता है।

गुरु-सान्निध्य में साधक हर आयाम में घटने वाले इन बदलावों के लिए धीरे-धीरे खुला और ग्रहणशील होने लगता है, वह मृत्यु के लिए एक तैयारी करने लगता है इसीलिए कठोपनिषद जैसे बहुमूल्य शास्त्र में मृत्यु को गुरु की भूमिका में दिखाया गया है।

गुरु की उपस्थिति से अब उसका सब कुछ बदलता है—और वह इस बदलाव का विरोध करने के बजाय उसके साथ चलना सीखता है, यहीं से अध्यात्म के चौथे स्तंभ, समस्वरता का जन्म होता है।

मेरी दृष्टि में अनंत श्री द्वारा दिए गए आर्य सारों का चौथा द्वार—समस्वरता—इसी लयबद्धता की ओर लौटती चेतना का नाम है।

इसलिए समस्वरता थोड़ी कठिनाई से समझ में आती है। क्योंकि जब तक मृत्यु को पल-पल होने वाले बदलावों से हट कर केवल किसी भविष्य में आने वाली कोई घटना मानते रहेंगे, तब तक सत्यं शिवम सुन्दरम जैसे जीवन के साथ संगति नहीं बिठा पाएंगे।

बोधि माँ के व्हाट्सऐप के About में एक quotation लिखा रहता था— ‘This too shall pass.’

वह वाक्य मुझे हमेशा से बहुत अर्थपूर्ण लगता रहा है जो उनकी गहन आध्यात्मिकता को दिखाता है जो निरंतर बदलते जीवन में उनकी गहरी स्वीकृति, उसमें उनकी गहन श्रद्धा व अनकही देशना है — ऋतुएँ बदलेंगी, परिस्थितियाँ बदलेंगी, समय बदलेगा, तुम बदलोगे और तुम्हारे भीतर भी बहुत कुछ है जो बदलता रहेगा इसलिए इन बदलावों से आने वाला शोक और हर्ष दोनों बहुत मूल्य के नहीं हैं।

इसका तनिक भी यह अर्थ यह नहीं है कि हम किसी भी हर्ष या विषाद के प्रति संवेदनहीन हो जाएं, इसका साधारण सा अर्थ है कि जब शोक हो तो सौ प्रतिशत शोकाकुल हो जाएं और हर्ष हो तो सौ प्रतिशत हर्षित हो जाएं। और विस्मय यही है कि हम कभी किसी भी स्थिति में सौ प्रतिशत हो ही नहीं पाते।

इस तथ्य को जितनी स्पष्टता से समझ लिया जाता है उतना ही साधक शांत और स्थिर होने लगता है।
जब देह भी अपने अगले परिवर्तन की तैयारी करती है, तब साधक बिना भय, शिकायत और असंतोष के उसका स्वागत कर पाता है।
यही वह अवस्था है जहाँ उम्र बढ़ना मात्र क्षय नहीं रह जाता अपितु अक्षय की तरफ बढ़ चुका नया कदम हो जाता है।

अनंत श्री कहते हैं कि सच्चा आध्यात्मिक व्यक्ति उम्र बढ़ने पर और सुंदर हो जाता है।
क्योंकि वह जीवन को पकड़ता नहीं, उसके परिवर्तनों से आंदोलित नहीं होता, उसकी तरलता को सहयोग देता है, उसके साथ लय में होना सीख जाता है।

जब परिवर्तन को रोकने की जिद धीरे-धीरे छूटती है, तो चेतना अनायास ही उस केंद्र की ओर लौटने लगती है जो स्वयं किसी परिवर्तन का हिस्सा नहीं है।
जहाँ समय की पहुँच नहीं है, समय नहीं तो जन्म और मृत्यु का प्रपंच नहीं, सुख-दुख की परछाईं नहीं—एक जीवन मुक्त अनंत यात्रा।

मेरी समझ में यही समस्वरता है, समग्रता के साथ एक अटूट लयबद्धता और जीवन का अमृत-सूत्र भी।

बोधि माँ व अनंत श्री को समर्पित।

Leave a Reply