भाषा – साधना

भाषा – साधना

–Anant Sri

भाषा मनुष्यता के विकास का सर्वाधिक अहम् पहलू है। भाषा के विकास के साथ ही सभ्यता का विकास होता है। हम भी भाषा का कैसे प्रयोग करते हैं उससे हमारे मानसिक विकास पर असर पड़ता है और हमारी मानसिकता भी झलकती है। भाषा का अर्थ अच्छे-अच्छे शब्दों का प्रयोग ही नहीं है वरन शब्दों में प्रेम और प्राणों का समावेश भी है। एक साधक को अपनी भाषा में प्रेम और कल्याण की भावना हमेशा रखनी चाहिए। शब्दों में जितना प्रेम और कल्याण का भाव होता है उतना ही साधना की गहराई होती है। भाषा की शालीनता तो प्रारंभ है और फिर धीरे-धीरे शब्दों के प्रयोग के पीछे प्रेम व करुणा ही आधारभूत हो जाती है।

शब्द चाहे तराशे हुए हों या अनगढ़, लेकिन उनमें चैतन्य का प्रवाह ही भाषा को आध्यात्मिक ऊँचाई देता है। दूसरों के शब्दों का प्रयोग व्यर्थ नहीं है, क्योंकि सारे शब्द दूसरों के ही हैं, लेकिन अपने अंतरअनुभव की सुवास के साथ जब शब्दों का प्रयोग होता है तब धर्म प्राणवान हो उठता है।

अपनी भाषा का प्रयोग साधना का प्रारंभ है। एक सही प्रश्न सही उत्तरों का आयाम खोल देता है, और मानवीय चेतना को एक नयी उड़ान देने वाले सुन्दरतम साहित्य का सृजन होता है। और एक गलत प्रश्न अंतहीन भटकाव को जन्म दे देता है। एक प्रेमपूर्ण शब्द नए जीवन के द्वार खोल देता है। अपनी भाषा और अपने शब्दों पर ध्यान दो,  उन्हें प्रेम, करुणा और कल्याण के साथ प्रयोग करने को, साधना बना लो, फिर तुम्हें किसी और साधना की आवश्यकता ही नहीं रह जाएगी…

This Post Has 4 Comments

  1. Rajan

    Naman Prabhu.

  2. परमवीर

    अद्भुत दृष्टि गुरुदेव…. आपके सानिध्य में सार्थक होते शब्द.. अहोभाव प्रभु ❤️🌹🥀🙏🏾🙏🏾

  3. Sneha dalvi

    🙇‍♀️🌹🙏

Leave a Reply