स्वयं से स्वयं की यात्रा

स्वयं से स्वयं की यात्रा- अनंत श्री

आध्यात्मिक जीवन स्वयं से स्वयं की यात्रा है। यहाँ न कोई दूसरा साथ चलता है और न ही दूसरे की अवधारणा। जो दूसरों के बारे में ही सोचता रहता है वो स्वयं से दूर निकल जाता है। यहाँ दूसरा न सही होता है, न गलत होता है। हम अपना ही प्रतिबिम्ब दूसरों में देखते हैं। जो अपने तक नहीं पहुंचा वो दूसरे तक भी नहीं पहुँच पाता। जो स्वयं से प्रेम नहीं कर पाता वो दूसरे से भी प्रेम नहीं कर पाता। अध्यात्म दूसरे के सन्दर्भ से हटकर अपने ही सन्दर्भ से अपने जीवन को देखना है।

तुम्हें इस बात की चिंता नहीं करनी है कि क्या वास्तविक है और क्या अवास्तविक है। इसे तुम अस्तित्व पे छोड़ दो। वास्तविक बचा रहता है और अवास्तविक धीरे-धीरे नष्ट हो जाता है। और फिर तुम्हें इतनी जल्दी भी क्या है कुछ तय कर लेने की। तुम तो स्वयं की ओर ही अपनी जीवन ऊर्जा को ले जाओ। कुछ भी तय करने का या फलीभूत होने का काम अस्तित्व पे ही छोड़ो। और जब तुम्हारी जीवन ऊर्जा तुम्हें आपूरित कर देती है, तब तुम से होकर ये ऊर्जा चारों और बहने लगती है। उस क्षण ही तुम जान पाते हो कि जीवन जितना सतह पे दिखाई देता है, उतना ही नहीं है।

यहाँ सतह पे जो सही दिखाई देता है, एक लहर है और सतह पे जो गलत दिखाई देता है वो भी एक लहर है। गहराई में प्रवेश करते ही प्रत्येक लहर के मायने बदल जाते हैं। तब दूसरे के प्रति जो भाव शेष रहता है वो मात्र करुणा का भाव होता है। तुलना, मूल्यांकन और भेद की दृष्टि, स्वयं से स्वयं की यात्रा में जाने कब, तिरोहित हो जाती है, कि पता ही नहीं चलता।

This Post Has 5 Comments

  1. अनीता

    🙏🙏🙏

  2. Sneha dalvi

    🙇‍♀️🙏🌹

  3. Puranjay Anant anaadi

    🪷🙏🏻🌺🩵

  4. परमवीर

    सद्गुरु की ओर से जीवन निरंतर शिष्य की ओर प्रवाहित हो रहा है… शिष्य के लिए जीवन के इस प्रवाह में बहने के अलावा और कोई विकल्प नहीं होता… एक अहोभाव 🔥🔥🔥🌺🌺🌺🔥🔥🔥🥀🥀🥀🪷🪷🪷🌹🌹🌹❤️❤️❤️🙏🏻🙏🏻🙏🏻

Leave a Reply